{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: जनरल स्टोर में संदिग्ध पैकेट में विस्फोट, 5 साल का बच्चा गंभीर घायल, खिड़की-दरवाजा भी टूटा

वाराणसी के कपसेठी बाजार में शनिवार सुबह जनरल स्टोर के अंदर रखे संदिग्ध पैकेट में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके में पांच वर्षीय कार्तिक जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हेरिटेज अस्पताल रेफर किया गया। विस्फोट से खिड़की, दरवाजा और ईंट की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हुई।
 

वाराणसी: कपसेठी थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में शनिवार सुबह एक जनरल स्टोर के अंदर रखे पैकेट में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि दुकान से सटे घर की खिड़की, दरवाजा और ईंट से बनी रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घायल बच्चे को परिजन तत्काल कपसेठी चौराहे स्थित शर्मा क्लीनिक ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हेरिटेज अस्पताल रेफर कर दिया।

दुकान के अंदर पहुंचा था पांच वर्षीय कार्तिक

जानकारी के अनुसार कपसेठी बाजार में जायसवाल जनरल स्टोर स्थित है। शनिवार सुबह करीब नौ बजे दुकान संचालक के परिवार का पांच वर्षीय बच्चा कार्तिक जायसवाल पुत्र आशीष जायसवाल किसी तरह दुकान के अंदर पहुंच गया।

इसी दौरान दुकान के अंदर रखे पैकेट में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो बच्चे को घायल देखकर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए शर्मा क्लीनिक ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए हेरिटेज अस्पताल भेज दिया।

धमाके से खिड़की-दरवाजा और रेलिंग क्षतिग्रस्त

विस्फोट के कारण जनरल स्टोर के आसपास भी नुकसान हुआ। बताया गया कि दुकान के अंदर रखे संदिग्ध पैकेट में धमाका होने से घर की खिड़की, दरवाजा और ईंट से बनी रेलिंग टूट गई। धमाके की आवाज काफी तेज होने के कारण कुछ ही देर में आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद बाजार के लोगों में भी चिंता का माहौल रहा।

संदिग्ध विस्फोटक दुकान में कैसे पहुंचा, जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने के बाद कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दुकान के अंदर रखे गए संदिग्ध पैकेट में किस तरह का पदार्थ था और वह वहां कैसे पहुंचा।

इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुकान में ऐसे पदार्थ रखने की अनुमति थी या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। कपसेठी थानाध्यक्ष विकास मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना में विस्फोट हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।