{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: डंपर की चपेट में आने से खलासी की मौत, ग्रामीणों ने ट्रैफिक पुलिस पर लगाया अवैध वसूली के आरोप

वाराणसी के चौबेपुर में डंपर से कुचलकर 18 वर्षीय खलासी की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैफिक पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की बात कही गई है।

 

वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव में शनिवार को एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय खलासी की जान चली गई। गिट्टी से लदे डंपर की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

नो-एंट्री में घुसा डंपर, बैक करते समय हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिट्टी लदा डंपर नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश कर गया था। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन को रोककर पीछे करने का निर्देश दिया गया। चालक के अनुसार, खलासी नीचे उतरकर डंपर को बैक करवा रहा था, तभी अचानक वह वाहन की चपेट में आ गया और टायर के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान घोरावल तहसील निवासी 18 वर्षीय परमेश्वर के रूप में हुई है।

ग्रामीणों का आरोप- अवैध वसूली के चलते हुई दुर्घटना

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रैफिक पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में ट्रकों से अक्सर अवैध वसूली की जाती है। उनका दावा है कि इसी को लेकर हुई आपाधापी के बीच यह हादसा हुआ। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही संबंधित डंपर को भी जब्त कर लिया गया है।

चौबेपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि अवैध वसूली या लापरवाही के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।