वाराणसी: चौबेपुर में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिसकर्मी समेत कई पर जानलेवा हमले का आरोप, 6 लोग ट्रॉमा सेंटर रेफर
Varanasi : चौबेपुर थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गांव में लंबे समय से चले आ रहे पड़ोसी विवाद ने शनिवार सुबह हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पीड़ित परिवार के गंभीर आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन पर हमला पड़ोसी विश्वास कुमार गौड़ उर्फ मनोज, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं और उनके परिजनों—रिंकू गौड़, बीरबल गौड़, विकास उर्फ मनीष, सौरभ उर्फ रोशन, पिंटू और रामबली द्वारा किया गया। परिवार का कहना है कि हमले में धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे तीन भाई, एक बहन, पिता और चाचा घायल हो गए।
घायल राजकुमार यादव ने बताया कि घटना के समय परिवार अपनी ही जमीन पर सीमेंट करकट की बाउंड्री का काम कर रहा था, तभी पड़ोसी पक्ष ने हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता ओमप्रकाश यादव पर तलवार से वार किया गया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई।
पुलिस पर भी सवाल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह विवाद पिछले डेढ़ वर्ष से चल रहा था, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद चौबेपुर थाने में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन फिर भी आरोपियों द्वारा सामान हटाया गया और कार्रवाई नहीं हुई।
परिवार ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी स्वयं को पुलिस विभाग का कर्मचारी बताकर प्रभाव और दबदबे का हवाला देता है। साथ ही, पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने थाना, एसीपी और डीसीपी कार्यालय तक शिकायत की, लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला।
पुलिस बयान का इंतजार
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। घायलों का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल है। पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।