वाराणसी में LPG ऑटो रिक्शा पर लगेगी रोक, 3 महीने में CNG में बदलने का अल्टिमेटम
वाराणसी: शहर में संचालित करीब 280 एलपीजी सिलिंडर चालित ऑटो रिक्शा अब अधिक समय तक नहीं चल सकेंगे। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने गुरुवार को हुई रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (आरटीए) की बैठक में इन ऑटो का संचालन पूरी तरह बंद करने और उन्हें तीन महीने के भीतर सीएनजी में परिवर्तित कराने के निर्देश दिए। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, ऑटो परमिट और सार्वजनिक परिवहन को लेकर कई अहम फैसलों पर चर्चा हुई।
कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त ने परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में एलपीजी से संचालित ऑटो रिक्शा का संचालन रोकते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें सीएनजी में बदलना होगा।
राजमार्गों पर टेंपो संचालन को लेकर भी निर्देश
बैठक में राजमार्गों पर टेंपो के संचालन को लेकर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने निर्धारित दूरी तक टेंपो संचालन की अनुमति के अलावा अन्य क्षेत्रों में इनके संचालन पर रोक लगाने की बात कही। इसका उद्देश्य राजमार्गों पर यातायात को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है।
नए ऑटो परमिट पर रोक पर चर्चा
वाराणसी शहर में पहले से ही बड़ी संख्या में ऑटो के परमिट होने को देखते हुए नए ऑटो परमिट जारी करने पर रोक लगाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने यातायात की मौजूदा स्थिति और सार्वजनिक परिवहन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया।
बड़ी बसों की जगह मिनी बस चलाने की मांग
बैठक में प्राइवेट बस संचालकों की ओर से बड़ी बसों के स्थान पर मिनी बसों के संचालन की मांग भी रखी गई। मंडलायुक्त ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
आरटीए की बैठक में मंडल के विभिन्न जिलों से जुड़े परिवहन, परमिट और यातायात व्यवस्था के मामलों की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने, वाहनों के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन कराने और आम लोगों को सुरक्षित व सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
लंबित मामलों के जल्द निस्तारण का निर्देश
मंडलायुक्त ने आरटीए से जुड़े लंबित प्रकरणों का नियमानुसार जल्द निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, आरटीओ राघवेंद्र सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र समेत परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।