सौरभ सिंह हत्याकांड: परिजनों का आरोप- अब भी मिल रही धमकियां, प्रशासन ने उठाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझांवा गांव में सौरभ सिंह हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर रासुका और गैंगस्टर की कार्रवाई, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, सुरक्षा, आर्थिक सहायता, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
वाराणसी: सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझांवा गांव में जमीनी विवाद में युवक सौरभ सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में अब पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को मृतक की मां रानी देवी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा, आर्थिक सहायता तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई की मांग उठाई।
ज्ञात हो कि 2 जुलाई 2026 की रात करीब नौ बजे मझांवा गांव में पट्टीदारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जमीनी विवाद और आपसी रंजिश के दौरान 22 वर्षीय सौरभ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गंभीर रूप से घायल सौरभ को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
मृतक के पिता सर्वेश सिंह की तहरीर पर सिंधोरा थाने में बबलू सिंह, रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह, गोलू सिंह और हरिओम सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के बाद अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन और सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा ने मौके का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रिशु सिंह (22), देवी सिंह (58), राजेश सिंह (55) और गोलू सिंह (27) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, नामजद आरोपी बबलू सिंह और हरिओम सिंह अब भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन के सामने रखीं ये प्रमुख मांगें
मृतक की परिजन रानी देवी ने प्रशासन को दिए गए ज्ञापन में कहा कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन में उन्होंने निम्नलिखित मांगें रखीं, सभी अभियुक्तों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।
पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा सुरक्षा मुहैया कराई जाए। उनका आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग अब भी परिवार को धमकी दे रहे हैं। फरार आरोपियों बबलू सिंह और हरिओम सिंह की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई है।
इसके अलावा पूरे मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर जल्द न्याय दिलाया जाए। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देकर आजीविका का सहारा उपलब्ध कराया जाए।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से पूरे परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा के साथ-साथ शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाए। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।