वाराणसी : होटल के कमरे में युवक-युवती आपस में भिड़े, चली गोली, प्रेमिका घायल
वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र में एक होटल के कमरे में गोली चलने से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक युवती घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर की रहने वाली युवती का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे दोनों कैंटोनमेंट क्षेत्र के एक होटल में पहुंचे थे। इसी दौरान कमरे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई।
गले के पास लगी गोली
बताया जा रहा है कि गोली युवती के गले के पास लगी। घटना के बाद युवक ने ही उसे अपनी गाड़ी से Sigra क्षेत्र के मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
देर से मिली पुलिस को सूचना
चौंकाने वाली बात यह रही कि इस घटना की जानकारी काफी देर तक कैंट पुलिस को नहीं हो पाई। अस्पताल प्रबंधन ने Sigra थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जानकारी कैंट पुलिस तक पहुंची।
थाना कैंट के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने दावा किया है कि गोली उसने खुद चलाई थी। हालांकि पुलिस इस मामले को हर एंगल से जांच रही है।
पुलिस के अनुसार, होटल में जमा कराए गए दस्तावेजों में युवक-युवती का पता फर्जी पाया गया है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी तलाश जारी है।