{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: नाबालिग से दुष्कर्म व धमकी का आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में चल रही थी तलाश
 

 

वाराणसी। नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को चौबेपुर पुलिस ने शुक्रवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को पीड़िता की ओर से चौबेपुर थाने में तहरीर देकर एक युवक पर दुष्कर्म करने तथा धमकी देने का आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चौबेपुर पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे थाना क्षेत्र के सुंडूपुर अंडरपास के पास से आरोपी अमित यादव (22) पुत्र रजनी यादव, निवासी ग्राम करनईपुर, सेमरा, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चौबेपुर थाने में संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार सोनकर, उपनिरीक्षक पवन कुमार तथा कांस्टेबल गुलशन कुमार और मिथिलेश कुमार शामिल रहे।