वाराणसी: पत्नी को पिस्टल दिखाकर धमकाने वाला पति गिरफ्तार, चेतगंज पुलिस ने अवैध हथियार किया बरामद
Varanasi : चेतगंज थाना पुलिस ने पत्नी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना चेतगंज और डायल-112 पर शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है, गाली-गलौज कर रहा है और अवैध पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
सूचना मिलते ही पीआरवी और नाटी इमली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़िता की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी विकास सेठ उर्फ विक्की (42) को उसके आवास डी-9, चंद्रा टावर, नाटी इमली, चेतगंज से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बिस्तर से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना चेतगंज में मु.अ.सं. 196/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, पत्नी की शिकायत के आधार पर मारपीट, धमकी और घरेलू हिंसा से संबंधित धाराओं में भी अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
पूछताछ में जुर्म कबूला
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की बात कही और माफी मांगी।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विकास सेठ उर्फ विक्की के खिलाफ पहले से भी चेतगंज थाने में मारपीट, धमकी और दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिली सफलता
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन, एसीपी चेतगंज एवं प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी नाटी इमली उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह, कांस्टेबल पुनीत कुमार, कांस्टेबल अरविंद कुमार तथा पीआरवी-0036 की टीम शामिल रही।