वाराणसी: सोशल मीडिया पर भावुक स्टेटस के बाद युवक की मौत, रविदास घाट पर मिला शव
वाराणसी I वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी इलाके से लापता युवक की तलाश मंगलवार को दर्दनाक अंत के साथ खत्म हुई। युवक का शव रविदास घाट पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान निखिल राय उर्फ निशु के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले सुबह करीब 10:21 बजे निखिल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक स्टेटस पोस्ट किया था, जिसमें उसने डॉक्टरों और दवाइयों से परेशान होने की बात लिखी थी और “गंगा मां” का जिक्र किया था। इस स्टेटस ने परिजनों और परिचितों की चिंता जरूर बढ़ाई, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा।
स्टेटस पोस्ट करने के कुछ देर बाद ही निखिल अपनी स्प्लेंडर बाइक (UP65FV2316) से घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह रविदास घाट पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान कराने पर वह निखिल राय निकला। यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।