वाराणसी: परशुरामपुर में सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया चक्का जाम
Varanasi : सारनाथ थाना क्षेत्र के परशुरामपुर में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया। मृतक की पहचान संजय राजभर (उम्र लगभग 50 वर्ष ) के रूप में हुई है। वह नवापुरा सथवा के निवासी बताए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, संजय राजभर सुबह काम पर जा रहे थे। इसी दौरान परशुरामपुर मोड़ के पास एक चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। हालांकि, चालक मौके से फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
मृतक के रिश्तेदार ने बताया कि संजय राजभर अपने पीछे तीन बच्चों (दो बेटे और एक बेटी) को छोड़ गए हैं। तीनों की अभी शादी नहीं हुई है। परिजनों ने सरकार से मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार के भरण-पोषण और बच्चों के भविष्य को देखते हुए आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार वाहन चालक की तलाश जारी है और हादसे के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।