{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मणिकर्णिका घाट पर बनेगा सुविधाजनक रैंप, अंतिम संस्कार के लिए आने वालों को नहीं होगी दिक्कत

वाराणसी में डीएम सत्येंद्र कुमार ने मणिकर्णिका कॉरिडोर, बालाजी घाट और यूनिटी मॉल का निरीक्षण किया। बाढ़ के दौरान निचले हिस्सों में काम प्रभावित होने पर ऊपरी स्तरों पर निर्माण जारी रखने के निर्देश दिए। मणिकर्णिका घाट पर रैंप, शौचालय, सफाई, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया।
 

वाराणसी: बाढ़ के चलते मणिकर्णिका कॉरिडोर के निचले हिस्सों में निर्माण प्रभावित होने की स्थिति में भी परियोजना की रफ्तार बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को ऊपरी स्तरों पर काम जारी रखने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को निर्माणाधीन कॉरिडोर का स्थलीय निरीक्षण करते हुए डीएम ने निर्माण की प्रगति के साथ सुविधाओं, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की।

अंतिम संस्कार के लिए आने वालों को न हो परेशानी

डीएम ने मणिकर्णिका घाट पर निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन और लकड़ी विक्रेताओं के आवागमन के लिए बनाया जा रहा रैंप सुविधाजनक और सुरक्षित हो। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि रैंप ऐसा बनाया जाए, जिससे दाह-संस्कार के लिए आने वाले लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। लकड़ी विक्रेताओं के आने-जाने की व्यवस्था भी सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।

एमेनिटी ब्लॉक का काम जल्द पूरा करने पर जोर

डीएम ने निर्माणाधीन एमेनिटी ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि सभी छतों की ढलाई पूरी हो चुकी है। ऐसे में शेष बचे ईंट के कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

फूल-माला और कफन सामग्री के निस्तारण पर भी चर्चा

मणिकर्णिका घाट पर आने वाले लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए डीएम ने परियोजना प्रमुख के साथ फूल-माला, कफन और अन्य सामग्री के निस्तारण की व्यवस्था पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि घाट की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे धार्मिक और अंतिम संस्कार से जुड़ी गतिविधियों के दौरान लोगों को असुविधा न हो और साफ-सफाई भी बनी रहे।

कॉरिडोर में पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मणिकर्णिका कॉरिडोर में पर्याप्त शौचालय नहीं होने से आमजन को होने वाली परेशानी का मुद्दा भी सामने आया। डीएम ने अधिकारियों को शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खास तौर पर कहा कि बाढ़ के दौरान भी शौचालय कार्यशील रहें। इसके लिए जलभराव और अन्य संभावित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध पहले से किए जाएं।

बालाजी घाट और यूनिटी मॉल का भी लिया जायजा

मणिकर्णिका घाट के बाद डीएम ने निर्माणाधीन बालाजी घाट और यूनिटी मॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों से निर्माण की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। यूनिटी मॉल में कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर और परामर्शी के इंजीनियर मौजूद रहे।

गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता न करने के निर्देश

डीएम ने यूनिटी मॉल समेत सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि काम की रफ्तार बढ़ाने के साथ निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सदानंद गुप्ता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।