{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: पराली जलाने से भड़की भीषण आग, 11 बीघा फसल जलकर राख, किसान को लाखों का नुकसान
 

 

वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र के गजोखर गांव में पराली जलाने के दौरान भीषण आग लग गई, जिससे एक किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस आग की चपेट में आकर पड़ोसी किसानों की करीब 11 बीघा फसल के अवशेष जलकर पूरी तरह राख हो गए, वहीं एक सिंचाई पंप भी क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी अशोक राय अपने खेत में गेहूं की पराली जला रहे थे। इसी दौरान उठी चिंगारी पास के खेतों में जा गिरी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर जितेंद्र राय, उमेश राय, अजीत राय और अवधेश राय की पराली जलकर नष्ट हो गई।

आग इतनी तेज थी कि यह पास में स्थित इन्दुप्रताप सिंह के सिंचाई पंप तक पहुंच गई। इससे पंप की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और वहां रखी प्लास्टिक की पाइप जलकर खाक हो गई। इस घटना में करीब 1 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पिंडरा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि डायल 112 पुलिस और चौकी औद्योगिक के उपनिरीक्षक आकाश गोंड भी मौके पर पहुंचे थे। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि पराली जलाने पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना नियमों की अनदेखी और चिंता का विषय है।