{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: घटिया सड़क निर्माण पर मेयर सख्त: CM Grid योजना में लापरवाही पर 3 इंजीनियरों की जवाबदेही तय

वाराणसी में CM Grid योजना के तहत सिगरा क्षेत्र में सड़क निर्माण में लापरवाही पर महापौर ने बड़ा एक्शन लिया है। JE, AE और अधिशासी अभियंता की जवाबदेही तय करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति की गई। लंबित कार्यों और ठेकेदारों पर भी सख्त निर्देश जारी किए गए।

 

वाराणसी: सीएम ग्रिड योजना के तहत सिगरा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में बरती गई गंभीर लापरवाही पर वाराणसी नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने संबंधित अवर अभियंता (JE), सहायक अभियंता (AE) और अधिशासी अभियंता की जवाबदेही तय करते हुए तीनों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति की है।

मंगलवार को स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मेयर ने सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने घंटी मिल समेत अन्य प्रमुख सड़कों का निर्माण हर हाल में 30 मई तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया। हालांकि औरंगाबाद रोड परियोजना के जून तक खिंचने की आशंका जताई गई।

बैठक में वर्ष 2023 में टेंडर होने के बावजूद अब तक शुरू न हो सके 22 कार्यों पर भी नाराजगी जताई गई। महापौर ने ऐसे ठेकेदारों और फर्मों को तत्काल चिह्नित कर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए अब हर शुक्रवार और शनिवार को लॉटरी सिस्टम से आवंटन कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अवशेष 30 नालों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर मशीनों से तलीझाड़ सफाई कराने के आदेश दिए गए हैं।

मेयर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जलजमाव संभावित क्षेत्रों अर्दली बाजार, गुरुबाग, महमूरगंज, रथयात्रा, सिगरा, चौकाघाट, मंडुआडीह, रविंद्रपुरी समेत अन्य संवेदनशील इलाकों—के नालों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि नालों से निकाली गई सिल्ट 24 घंटे के भीतर हटाई जाए, अन्यथा संबंधित एजेंसी और इंजीनियरों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग से छोटे नालों की सफाई की विस्तृत कार्ययोजना भी तलब की गई है।