{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: ट्रैक्टर की टक्कर से MBA छात्रा की दर्दनाक मौत, चालक फरार

 

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के लठिया बाईपास रोड पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह हादसे में एमबीए की फाइनल ईयर छात्रा शिखा मिश्रा (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहे उनके परिचित विशाल राय को मामूली चोटें आईं।

मृतका शिखा मिश्रा मंडुवाडीह क्षेत्र के शिवाजी नगर कंदवा की रहने वाली थी। वह आईटी मिर्जामुराद से एमबीए कर रही थी। कॉलेज से छुट्टी के बाद वह विशाल राय के साथ स्कूटी पर घर लौट रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिखा सड़क पर जा गिरीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल विशाल राय को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है और उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।