वाराणसी में मेडिकल ऑफिसर से फ्लैट के नाम पर 20 लाख की ठगी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
वाराणसी में मेडिकल ऑफिसर से फ्लैट दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तय समय पर फ्लैट नहीं मिला और रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कोर्ट के आदेश पर शिवपुर पुलिस ने केस दर्ज किया।
वाराणसी: फ्लैट दिलाने के नाम पर एक मेडिकल ऑफिसर से 20 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपये लेने के बाद तय समय पर फ्लैट नहीं दिया गया। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है। कोर्ट के आदेश पर शिवपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
फ्लैट की जरूरत थी, बिल्डिंग बनाने वाले से हुई मुलाकात
मामला पांडेयपुर के अशोक विहार कॉलोनी स्थित स्वप्निल अपार्टमेंट से जुड़ा है। यहां रहने वाले डा. सुदर्शन जैयसवार वर्तमान में कलेक्ट्री स्थित सरकारी अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर हैं। उन्होंने कानूनी कार्रवाई के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
कोर्ट में दिए शिकायती पत्र के मुताबिक, डा. सुदर्शन को फ्लैट की जरूरत थी। करीब नौ महीने पहले उनकी मुलाकात शिवपुर के लक्ष्मणपुर निवासी दुर्गा प्रसाद सिंह से हुई। आरोप है कि दुर्गा प्रसाद ने खुद को बिल्डिंग निर्माण का काम करने वाला बताया।
20 लाख रुपये के फ्लैट का दिया था प्रस्ताव
शिकायत के अनुसार, दुर्गा प्रसाद सिंह ने डा. सुदर्शन को 20 लाख रुपये में फ्लैट देने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा से व्यक्तिगत लोन निकलवाने में भी मदद की और रुपये ले लिए।
डा. सुदर्शन का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी उन्हें फ्लैट नहीं मिला। जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
थाने में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कथित ठगी के बाद उन्होंने शिवपुर थाने में शिकायत की थी। उनका आरोप है कि पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।
कोर्ट के आदेश के बाद शिवपुर पुलिस ने आरोपी दुर्गा प्रसाद सिंह के खिलाफ एससी-एसटी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।