{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: कंटेनर की चपेट में आने से मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
 

 

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर चौराहे के पास बुधवार दोपहर करीब 12:45 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार 20 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर निवासी जयप्रकाश पटेल का 20 वर्षीय पुत्र अस्मित उर्फ गोलू पटेल शहर से पढ़ाई कर बुलेट मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। बाबतपुर चौराहे से आगे बढ़ते ही पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अस्मित सड़क पर गिर पड़ा और कंटेनर का पहिया उसके शरीर के ऊपर से गुजर गया।

बताया जा रहा है कि अस्मित ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन कंटेनर का पहिया शरीर के बीच हिस्से से गुजरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना पुलिस चौकी के समीप होने के कारण इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह और चौकी प्रभारी विजय कुशवाहा तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में लिया और यातायात को सुचारु कराया।

परिजनों ने बताया कि अस्मित ने इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू की थी। वह दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।