{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रक्षाबंधन से पहले वाराणसी के 3,850 रसोइयों को बड़ी सौगात, मानदेय बढ़ा; 5 लाख तक कैशलेस इलाज का लाभ

रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार ने वाराणसी के करीब 3,850 मिड-डे-मील रसोइयों के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं। मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी, दुर्घटना में 2 लाख रुपये तक सहायता, कपड़ों की राशि में वृद्धि और 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी।
 

वाराणसी: रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार ने वाराणसी के करीब 3,850 मिड-डे-मील रसोइयों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। सरकार ने रसोइयों के मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ दुर्घटना या किसी घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता, कपड़ों के लिए बढ़ी राशि और परिवार के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का ऐलान किया है।

इसको लेकर रविवार को कमिश्नरी सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इसके बाद वाराणसी में रसोइयों को योजना के लाभ और सम्मान स्वरूप प्रतीकात्मक चेक व कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।

रसोइयों के मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी

सरकार की घोषणा के मुताबिक मिड-डे-मील रसोइयों के मानदेय में 1,000 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके अलावा किसी दुर्घटना या घटना की स्थिति में रसोइयों को 2 लाख रुपये तक की सहायता देने का प्रावधान किया गया है। रसोइयों को हर साल कपड़ों के लिए मिलने वाली राशि भी बढ़ाई गई है। अब यह राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।

5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा

रसोइयों और उनके परिवार के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की गई है। अब उन्हें 5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान पांच रसोइयों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी दिए गए। घोषणाओं के बाद कार्यक्रम में मौजूद रसोइयों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

10 रसोइयों को किया गया सम्मानित

कमिश्नरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रवींद्र जायसवाल, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल मौजूद रहे।

इस दौरान चिरौंजी देवी, अमरावती, रीता श्रीवास्तव, प्रभावती देवी, अनीता और लक्ष्मी देवी समेत कुल 10 रसोइयों को सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान स्वरूप साड़ी, प्रतीकात्मक चेक और प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड भेंट किए गए।

जिले की सभी विधानसभाओं में हुआ कार्यक्रम

रसोइयों के सम्मान और सरकार की नई घोषणाओं से जुड़े कार्यक्रम का आयोजन वाराणसी जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों और नगर क्षेत्र में एक साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान सरकार की ओर से रसोइयों के लिए घोषित सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े लाभों की जानकारी दी गई। रक्षाबंधन से पहले हुई इन घोषणाओं को मिड-डे-मील योजना से जुड़े हजारों रसोइयों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।