{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी टकसाल सिनेमा कांड में फैसला: धनंजय सिंह को लगा बड़ा झटका, बाहुबली अभय सिंह बरी
 

 

वाराणसी I वाराणसी की एमपी-एमएलए कोर्ट ने 24 साल पुराने चर्चित टकसाल सिनेमा शूटआउट मामले में फैसला सुना दिया है। मुख्य आरोपी बाहुबली अभय सिंह और मिर्जापुर के एमएलसी विनीत सिंह समेत अन्य आरोपियों को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया है। इससे पूर्व सांसद धनंजय सिंह को करारा झटका लगा है।

घटना 4 अक्टूबर 2002 की है, जब धनंजय सिंह जौनपुर से वाराणसी लौट रहे थे। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर में टकसाल सिनेमा हॉल के पास बोलेरो से उतरे अभय सिंह और उनके 4-5 साथियों ने कथित तौर पर उनके काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में धनंजय सिंह, उनके गनर, चालक समेत कई लोग घायल हो गए थे।

धनंजय सिंह की तहरीर पर अभय सिंह (तत्कालीन विधायक), विनीत सिंह (एमएलसी) और अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में कुल 7 आरोपियों के नाम शामिल थे। लंबे समय से चल रहे इस ट्रायल में दोनों पक्षों की बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुनाया।

अभय सिंह पक्ष ने साक्ष्यों की कमी और गवाहों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए थे, जबकि धनंजय सिंह पक्ष ने न्याय की गुहार लगाते हुए हमले की पुष्टि की थी। कोर्ट ने अंत में आरोपियों को लाभ का संदेह देते हुए बरी कर दिया।

यह मामला पूर्वांचल की राजनीति में लंबे समय से चली आ रही प्रतिद्वंद्विता का प्रतीक माना जाता है। फैसले के बाद धनंजय सिंह पक्ष ने कहा है कि वे उच्च अदालत में अपील करेंगे।