मिर्जामुराद में देर रात बड़ा हादसा, ट्रक में पीछे से भिड़ी तीर्थयात्रियों की बस, 21 घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेंहदीगंज गांव के पास वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार देर रात तीर्थयात्रियों से भरी बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। रात करीब दो बजे हुए इस हादसे में बस चालक समेत 21 यात्री घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस चालक को नींद आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
दर्शन कर लौट रहे थे 60 तीर्थयात्री
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णानगर निवासी बस चालक समूल अचार 60 महिला-पुरुष यात्रियों को लेकर 28 अक्टूबर को दर्शन-पूजन के लिए निकला था। यात्रियों ने गया (बिहार), प्रयागराज और मथुरा-वृंदावन में दर्शन किए थे। इसके बाद सभी बस से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान वाराणसी-प्रयागराज एनएच-19 पर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के पास चालक को नींद आ गई। इससे बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया
हादसे की जानकारी मिलने पर ढाबा कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा और खजुरी चौकी प्रभारी जगदंबा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जक्खिनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद 16 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए शहर रेफर कर दिया गया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे में ये यात्री हुए घायल
दुर्घटना में दुर्गा, मैली, सुखे विश्वास, सपोंदास, विश्वजीत, तोमिला, जुमारानी, रुमाली, सपना, सुला विश्वास, सिजोई, ज्योति, सकुन, लीना, प्रदीप डे, लोक्खी घोष, सेफाली दास, गुरुदसी सरकार, गौरीशंकर, पूर्णिना और माला सौदार घायल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।