वाराणसी पुलिस कमिश्नर ने मिशन शक्ति केन्द्रों का किया मूल्यांकन, 103 शोहदे गिरफ्तार
वाराणसी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मिशन शक्ति केन्द्रों की समीक्षा की। 307 मामलों में काउंसलिंग से सुलह, 103 शोहदों की गिरफ्तारी और 24 हजार से अधिक महिलाओं को जागरूक किया गया। महिला अपराध में गुंडा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वाराणसी: महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को कैम्प कार्यालय में थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के कार्यों की समीक्षा हेतु गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान महिला अपराध, पीड़ित सहायता और जन जागरूकता से जुड़े सभी पहलुओं का गहन मूल्यांकन किया गया।
समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त ने महिला अपराध से जुड़े गंभीर एवं पुनरावृत्त मामलों में आरोपियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कठोर व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
307 मामलों में काउंसलिंग से परिवारों का पुनर्मिलन
मिशन शक्ति केन्द्रों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों की समीक्षा में बताया गया कि 307 प्रकरणों में काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवादों का समाधान कर परिवारों को मिलाया गया। इसे महिला सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक पहल बताया गया।
103 शोहदे गिरफ्तार, 24 हजार से अधिक महिलाएं जागरूक
विगत माह में मिशन शक्ति एवं एण्टी रोमियो टीमों द्वारा 103 शोहदों की गिरफ्तारी कर बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। इसके साथ ही जन जागरूकता अभियान के तहत 1,026 स्थानों पर लगभग 24,893 महिलाओं, छात्राओं व बालिकाओं को जागरूक किया गया।
एण्टी रोमियो टीमों और शिकायत निस्तारण पर जोर
समीक्षा के दौरान पुलिस आयुक्त ने एण्टी रोमियो टीमों की गश्त, चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर कार्रवाई और उनकी प्रभावशीलता की समीक्षा की। साथ ही लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
स्कूल-कॉलेजों में CCTV और जागरूकता अभियान तेज
मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और महिला प्रशिक्षण केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान और व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि मिशन शक्ति केन्द्रों को और अधिक सुदृढ़ कर पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता, काउंसलिंग और कानूनी सहयोग उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव सहित सभी थानों के मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारी मौजूद रहे।