{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी शिक्षक-स्नातक MLC चुनाव आज: 3.23 लाख मतदाता करेंगे वोट, 27 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

वाराणसी खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। आठ जिलों के 3,23,447 मतदाता वोट डालेंगे। जानिए प्रमुख प्रत्याशी, मतपत्र पर वरीयता दर्ज करने के नियम, वैकल्पिक पहचान पत्र और 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना की पूरी जानकारी।

 

वाराणसी। वाराणसी खंड शिक्षक और स्नातक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) निर्वाचन के लिए मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गई हैं। इस चुनाव में वाराणसी समेत आठ जिलों के कुल 3,23,447 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतगणना 27 अक्टूबर को पहड़िया स्थित मंडी के अलग-अलग हॉल में कराई जाएगी।

आठ जिलों के 3.23 लाख मतदाता करेंगे मतदान

इस चुनाव में वाराणसी, सोनभद्र, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, भदोही, मीरजापुर और चंदौली के मतदाता हिस्सा लेंगे। कुल मतदाताओं में 2,88,548 स्नातक और 34,899 शिक्षक मतदाता शामिल हैं।

वाराणसी जिले की पोलिंग पार्टियां गुरुवार को पहड़िया स्थित लालबहादुर शास्त्री मंडी से रवाना हुईं और अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की प्रत्येक पोलिंग पार्टी को मतपत्र, स्टेशनरी और दो बैलेट बॉक्स दिए गए हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों को एक-एक बैलेट बॉक्स उपलब्ध कराया गया है।

मतदान पूरा होने के बाद शुक्रवार को आठों जिलों से बैलेट बॉक्स लाकर पहड़िया मंडी स्थित स्ट्रांग रूम में रखे जाएंगे।

स्नातक और शिक्षक सीट पर इन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

एमएलसी चुनाव के लिए छह अक्टूबर तक आयुक्त कार्यालय में नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई थी। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के आशुतोष सिन्हा और भारतीय जनता पार्टी के केदार नाथ सिंह प्रमुख प्रत्याशियों में शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के लाल बिहारी यादव और भाजपा के डॉ. प्रमोद मिश्रा के बीच मुकाबले पर नजर रहेगी।

27 अक्टूबर को होगी मतगणना

मतगणना 27 अक्टूबर को पहड़िया स्थित मंडी के हॉल में होगी। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग हॉल में 15-15 टेबल लगाए जाएंगे। प्रत्येक हॉल में 14 टेबल पर मतगणना होगी, जबकि एक टेबल पर रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) गणना का काम करेंगे।

मतदान के दिन मतदाताओं को मिलेगा अवकाश

मतदान में अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर और मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने संबंधित अधिकारियों और संस्थानों को 23 अक्टूबर को मतदाताओं को अवकाश देने के निर्देश दिए हैं।

मतपत्र पर पहली पसंद के लिए केवल अंग्रेजी का अंक 1 लिखें

शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदान करते समय मतदाताओं को मतपत्र पर वरीयता दर्ज करने के नियमों का ध्यान रखना होगा। पहली पसंद के प्रत्याशी के सामने अंग्रेजी का अंक 1 लिखना है। अन्य प्रत्याशियों को वरीयता देने के लिए उनके नाम के सामने क्रमशः 2, 3, 4 और आगे के अंक लिखे जा सकते हैं।

प्रत्येक प्रत्याशी के नाम के सामने केवल एक अंक लिखना चाहिए। एक ही अंक एक से अधिक प्रत्याशियों के सामने दर्ज नहीं किया जाना चाहिए। वरीयता शब्दों में नहीं, बल्कि अंकों में लिखनी है।

पहचान पत्र नहीं है तो इन वैकल्पिक दस्तावेजों से कर सकेंगे मतदान

यदि किसी मतदाता के पास फोटो पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तो पहचान स्थापित करने के लिए वैकल्पिक दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट शामिल हैं।

इसके अलावा राज्य या केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों की ओर से कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र भी मान्य दस्तावेजों में शामिल हैं। सांसदों, विधायकों और पार्षदों को जारी सरकारी पहचान पत्र तथा संबंधित शिक्षक या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता को उसके शैक्षिक संस्थान की ओर से जारी सेवा पहचान पत्र भी पहचान के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं।