वाराणसी: 1000 से अधिक महिलाओं ने बनाई मानव श्रृंखला, नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में जागरूकता मार्च
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले सोमवार को वाराणसी में नारी शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन देखने को मिला। 1000 से अधिक महिला खिलाड़ियों और विकास इंटर कॉलेज की छात्राओं ने एकजुट होकर नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में विशाल मानव श्रृंखला बनाकर महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में तख्तियां और तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने पहले मानव श्रृंखला बनाई, इसके बाद विकास इंटर कॉलेज से नटनिया दाई मंदिर तक जागरूकता मार्च निकाला। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों को नारी वंदन अधिनियम के लाभों की जानकारी दी गई।
इस आयोजन में हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, जूडो और हॉकी की महिला खिलाड़ियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। खिलाड़ियों ने केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की स्थिति में ऐतिहासिक बदलाव आएगा और वे निर्णय प्रक्रिया में मजबूत भूमिका निभा सकेंगी।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि उनका संस्थान हमेशा से महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलेज से अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय और 22 राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी निकल चुकी हैं, जिन्होंने देश और शहर का नाम रोशन किया है।
यह आयोजन न केवल सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि यह भी साबित हुआ कि जब महिलाएं एकजुट होती हैं तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की ताकत रखती हैं। वाराणसी में इस तरह के आयोजन नारी सशक्तिकरण को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।