वाराणसी में खराब मेटेरियल और धीमे काम पर भड़के नगर आयुक्त, दो ठेकेदारों पर लगाया 7 लाख का जुर्माना
वाराणसी में नगर निगम के विकास कार्यों में लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री मिलने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बड़ी कार्रवाई की है। लालपुर सीनियर केयर सेंटर और सारनाथ जोन कार्यालय परियोजना में अनियमितता मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं पर कुल 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वाराणसी: नगर निगम की विकास योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सख्त कार्रवाई की है। शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान निर्माण की धीमी गति और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत सही मिलने पर नगर आयुक्त ने दो कार्यदायी संस्थाओं पर कुल 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
लालपुर सीनियर केयर सेंटर में मिली बड़ी खामियां
नगर आयुक्त रविवार दोपहर बड़ा लालपुर स्थित निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य तय समय सीमा से काफी पीछे मिला। इसके अलावा मौके पर गुणवत्ता की जांच में निर्माण सामग्री भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए और संबंधित कार्यदायी संस्था पर 5 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सारनाथ जोन कार्यालय निर्माण पर भी सख्ती
इसके बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल पांडेयपुर-पंचक्रोशी मार्ग स्थित निर्माणाधीन सारनाथ जोन कार्यालय भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां निरीक्षण में केवल बेसमेंट का कुछ हिस्सा तैयार मिला, जबकि परियोजना को शुरू हुए करीब छह महीने बीत चुके हैं।
नगर आयुक्त ने काम की धीमी रफ्तार पर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री भी निम्न स्तर की पाई गई। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित संस्था पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि विकास कार्यों में देरी और खराब निर्माण गुणवत्ता दोनों ही गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आते हैं।
नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ऐढ़े (बड़ा लालपुर) क्षेत्र में करीब 4.5 किलोमीटर लंबे कच्चे नाले की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में इस नाले को पक्का करने के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा पांडेपुर-पंचकोशी मार्ग स्थित नरोखर नाला और पाल बस्ती नाले का भी निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को मानसून से पहले नालों की पूरी गहराई तक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या रोकने के लिए समय रहते सिल्ट और कीचड़ हटाने का काम पूरी गंभीरता से किया जाए।
अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने साफ कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को स