{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दीपावली पर नगर निगम वाराणसी का तोहफा, 10 हजार कर्मचारियों को पहली बार मिलेगी मिठाई

 

वाराणसी: दीपावली के त्योहार पर नगर निगम वाराणसी ने अपने कर्मचारियों को खास तोहफा देने का फैसला किया है। इस बार नगर निगम और जलकल विभाग के करीब 10 हजार कर्मचारियों को दिवाली पर मिठाई दी जाएगी। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इसकी घोषणा की है। खास बात यह है कि नगर निगम के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर कर्मचारियों को मिठाई देकर त्योहार की खुशियां साझा की जाएंगी।

इस पहल का सबसे बड़ा लाभ शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले सफाईकर्मियों को मिलेगा। कुल 10 हजार कर्मचारियों में करीब 8,500 सफाईकर्मी शामिल हैं। ये कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सफाईकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी होती है। हाल ही में नवरात्रि, दशहरा और दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की आवाजाही के बावजूद नगर निगम की टीम ने बेहतर तरीके से सफाई व्यवस्था संभाली।

उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों और नगर निगम के अन्य कर्मचारियों की मेहनत से ही शहर की व्यवस्था सुचारु बनी रहती है। ऐसे में दीपावली के अवसर पर उन्हें सम्मानित करना और उनके साथ त्योहार की खुशियां बांटना जरूरी है।

नगर निगम की इस पहल को कर्मचारी हित में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। मिठाई वितरण के फैसले से सफाई मित्रों समेत निगम के हजारों कर्मचारियों में उत्साह है। इस पहल का उद्देश्य त्योहार के मौके पर कर्मचारियों की मेहनत को सम्मान देना और उनका मनोबल बढ़ाना है।