{"vars":{"id": "130921:5012"}}

होली से पहले होगी स्ट्रीट लाइट ठीक, जलकर सरचार्ज माफी घर-घर पहुंचाने का अल्टीमेटम

वाराणसी नगर निगम ने होली से पहले सभी स्ट्रीट लाइट ठीक करने और बाद में नाला सफाई अभियान चलाने का फैसला किया है। जलकर सरचार्ज माफी का लाभ घर-घर पहुंचाया जाएगा। 1081 फ्लैट टैक्स के दायरे में आएंगे और अवैध निर्माण हटाने के लिए 15 मार्च तक का अल्टीमेटम दिया गया है।

 

वाराणसी: मैदागिन स्थित टाउनहॉल भवन में सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में नगर निगम सदन की साधारण अधिवेशन बैठक आयोजित हुई। बैठक पूरी तरह शहर की जनसमस्याओं के समाधान और विकास के रोडमैप पर केंद्रित रही। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली से पहले शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत हर हाल में पूरी कर ली जाए, ताकि त्योहार के दौरान शहर में कहीं भी अंधेरा न रहे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
 

गर्मी से पहले जल संकट से निपटने की तैयारी

बैठक में गर्मी के दौरान संभावित जल संकट को देखते हुए शहर के पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई पर विशेष जोर दिया गया। नगर निगम ने 31 मार्च तक सभी कुओं की सफाई पूरी करने का लक्ष्य तय किया है। अब तक 55 कुओं की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि 151 कुओं की सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है। नगर निगम का मानना है कि इससे गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की समस्या से काफी राहत मिलेगी।


होली के बाद शुरू होगा नालों की सफाई का महाअभियान

महापौर ने मानसून में जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए होली के बाद शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई का व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समय से नालों की सफाई होने से बरसात में जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी और शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी।

जलकर के 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी का लाभ घर-घर पहुंचाने का निर्देश

नगर निगम ने जलकर के 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी के निर्णय को प्रभावी तरीके से लागू करने का फैसला लिया है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 24 फरवरी से इस योजना का लाभ हर वार्ड और हर घर तक पहुंचाया जाए। पार्षदों ने भी इस पर जोर देते हुए कहा कि एकीकृत बिल से पहले के मामलों में वर्ष 2023-24 से ही बिल लागू किया जाए और जनता को अनावश्यक परेशान न किया जाए।


नालियों पर अवैध कब्जा हटाने के लिए 15 मार्च तक का अल्टीमेटम

बैठक में शहर की नालियों के ऊपर बने अवैध चबूतरे और सीढ़ियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर निर्णय लिया गया कि लोगों को 15 मार्च तक स्वयं अवैध निर्माण हटाने का मौका दिया जाए। यदि तय समय सीमा तक कब्जा नहीं हटाया गया, तो नगर निगम कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाएगा और संबंधित लोगों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।

शहर के विकास और सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

बैठक में शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई प्रस्ताव पारित किए गए। पार्षदों ने गर्मी को देखते हुए सीएसआर फंड से लगे वाटर कूलरों की 15 दिन के भीतर मरम्मत कराने और नए स्थानों पर वाटर कूलर लगाने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पेयजल व्यवस्था मजबूत करने, अधूरे पार्कों को पूरा करने और गैस पाइपलाइन के साथ सड़क निर्माण कार्य करने जैसे प्रस्ताव भी पारित किए गए।

शहर के 1081 फ्लैट अब भी टैक्स के दायरे से बाहर, महापौर सख्त

नगर निगम ने बैठक में बताया कि शहर में कुल 323 बहुमंजिला इमारतों में 13,997 फ्लैट हैं, जिनमें से 12,916 फ्लैट आवंटित हो चुके हैं। इसके बावजूद 1,081 फ्लैट अभी तक टैक्स के दायरे से बाहर हैं। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि अगले वित्तीय वर्ष से पहले सभी फ्लैटों को टैक्स के दायरे में लाया जाए, ताकि निगम के राजस्व में वृद्धि हो सके।

19 हजार आवारा कुत्तों का बंध्याकरण, मेदांता से हुआ समझौता

नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग ने बताया कि अब तक 886 पालतू कुत्तों का पंजीकरण किया जा चुका है और 19 हजार आवारा कुत्तों का बंध्याकरण कराया गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जानकारी दी कि नए वित्तीय वर्ष से मेदांता अस्पताल के सहयोग से बंध्याकरण अभियान को और तेज किया जाएगा।

पुराने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया जारी

बैठक में नगर निगम के पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने बताया कि 55 वर्ष पुराने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे लोगों को पुराने प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

काशी के विकास की नई परियोजनाओं का मॉडल

बैठक से पहले नगर आयुक्त ने प्रोजेक्टर के माध्यम से काशी के विकास से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की जानकारी दी। इसमें नगर निगम सदन भवन, मार्केट कॉम्प्लेक्स, पार्किंग, सड़क निर्माण, वन क्षेत्र विकास और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से काशी को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की योजना है।

आरआरआर सेंटर का उद्घाटन, गरीबों की मदद के लिए नई पहल

बैठक के बाद महापौर ने टाउनहॉल परिसर में आरआरआर सेंटर का उद्घाटन किया। इस सेंटर के माध्यम से लोग अपने पुराने कपड़े, जूते और किताबें दान कर सकेंगे, जिन्हें जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा।