वाराणसी: शिकायतों पर लापरवाही पड़ी भारी, 25 दारोगाओं पर बैठी विभागई कार्रवाई
Varanasi : पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने जनसुनवाई समाधान प्रणाली (IGRS) में लापरवाही बरतने पर बड़ा कदम उठाते हुए कुल 25 उप निरीक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस आयुक्त ने इसे अत्यंत आपत्तिजनक, अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति उदासीनता का गंभीर मामला बताया।
पुलिस आयुक्त ने मंगलवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान IGRS की प्रगति, शासन स्तर से प्राप्त फीडबैक और रिपोर्टों का विस्तृत विश्लेषण किया। समीक्षा में यह सामने आया कि अक्टूबर माह की रैंकिंग के दौरान कई मामलों में जांच अधिकारियों और उप निरीक्षकों ने शिकायतकर्ताओं से संपर्क किए बिना ही ऑनलाइन रिपोर्ट अपलोड कर दी, जिस कारण शिकायतकर्ताओं ने निगेटिव फीडबैक दर्ज कराया। इस लापरवाही ने जिले की IGRS रैंकिंग को प्रभावित किया।
मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार्य नहीं है। शिकायतकर्ता से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना, उसकी समस्या समझना और पारदर्शी तरीके से समाधान करना हर अधिकारी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी यदि कोई अधिकारी बिना जांच, संपर्क और उचित प्रक्रिया के रिपोर्ट अपलोड करता पाया गया तो कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि IGRS को केवल औपचारिक कार्य न मानें, बल्कि जनता से संवाद और शिकायत समाधान को प्राथमिकता दें।