{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: जयमाल के बाद खूनी बवाल, शादी समारोह में पड़ोसी की मौत, दूल्हा-दुल्हन हिरासत में
 

 

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र अंतर्गत जक्खिनी पुलिस चौकी के मरुई गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब जयमाल के बाद हुए विवाद और मारपीट में पड़ोसी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी बहादुर राम (52 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मरुई गांव निवासी हिमांशु राम पुत्र जग्गू राम का विवाह मिर्जापुर जिले के बगहा गांव निवासी रेखा देवी पुत्री स्वर्गीय राजकुमार राम के साथ हो रहा था। विवाह समारोह दूल्हे के घर पर आयोजित था। आरोप है कि जयमाल के दौरान ही लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने मामूली बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। जयमाल संपन्न होने के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि शोर-शराबा सुनकर घर के बाहर सो रहे पड़ोसी बहादुर राम की नींद खुल गई। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए मारपीट का विरोध किया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने बहादुर राम को उनके घर के पास घायल अवस्था में पड़ा देखा। उनके सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार किए जाने जैसा निशान पाया गया।

सूचना मिलने पर जक्खिनी पुलिस चौकी और राजातालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल बहादुर राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कबीरचौरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। कबीरचौरा अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी नौरंगी देवी, तीन बेटियां—रंजना देवी, एजोरा देवी और ननका देवी तथा एक पुत्र किशन राम को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

राजातालाब थाना प्रभारी दयाशंकर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। कुछ लोग गोली मारने की बात कह रहे हैं, जबकि मृतक के सीने पर नुकीली वस्तु से प्रहार का निशान मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने एहतियातन दूल्हा और दुल्हन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।