वाराणसी में SIR ड्यूटी के दौरान बीएलओ की मौत: परिवार का आरोप बीमारी में भी नहीं मिली छुट्टी
वाराणसी में SIR ड्यूटी में तैनात BLO शेख मुहम्मद अजगर अली की बीमारी के चलते मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ज्वाइंडिस से पीड़ित होने के बावजूद उन्हें छुट्टी नहीं दी गई। इलाज के अभाव में उनकी हालत बिगड़ती गई और बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
वाराणसी: वाराणसी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) ड्यूटी में तैनात एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की बुधवार सुबह बीमारी के चलते मौत हो गई। मृतक की पहचान चौबेपुर थाना क्षेत्र के कौवापुर गांव निवासी शेख मुहम्मद अजगर अली के रूप में हुई है।
परिजनों का आरोप है कि वह लंबे समय से बीमार थे और कई बार छुट्टी व इलाज की अनुमति मांग चुके थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें एसआईआर ड्यूटी में लगाए रखा गया।
परिवार के अनुसार, जब हालत ज्यादा बिगड़ी तो स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया, जहां उन्हें ज्वाइंडिस (पीलिया) का संक्रमण बताया गया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई। हालांकि समय पर इलाज न मिल पाने के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि शेख मुहम्मद अजगर अली बार-बार अधिकारियों से अवकाश की मांग करते रहे, लेकिन उन्हें आश्वासन दिया गया कि एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूची प्रकाशन के बाद छुट्टी दी जाएगी।
मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और गांव में भी शोक की लहर है।