वाराणसी: बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़े सिर्फ चालान नहीं, गाड़ी भी हो सकती है जब्त, खत्म होगा रजिस्ट्रेशन
वाराणसी में बढ़ते जाम और सड़क हादसों पर जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। DM सत्येंद्र कुमार ने हेलमेट-सीट बेल्ट अभियान तेज करने, अवैध पार्किंग हटाने, कैंट बस स्टेशन जाम खत्म करने और 500 वाहनों का रजिस्ट्रेशन रद्द करने जैसे कड़े निर्देश दिए हैं।
वाराणसी: काशी की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव, लगातार लगने वाले जाम और सड़क हादसों को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अहम बैठक की, जिसमें प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में साफ कहा गया कि शहर में जाम की समस्या और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए अब समन्वित अभियान चलाया जाएगा। खासतौर पर हेलमेट और सीट बेल्ट जांच अभियान को और सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया।
ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर फोकस
बैठक के दौरान शहर के उन स्थानों की समीक्षा की गई, जहां बार-बार सड़क हादसे हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पेट्रोल पंपों से निकलने वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्कूल वाहनों तथा ई-रिक्शा संचालन की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
कैंट बस स्टेशन के जाम से राहत दिलाने की तैयारी
कैंट बस स्टेशन के आसपास लगने वाले भारी जाम को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि रोडवेज बसों की वजह से आम लोगों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए संयुक्त टीम बनाकर समाधान निकाला जाए।
प्रशासन का मानना है कि इस इलाके में ट्रैफिक मैनेजमेंट बेहतर होने से शहर के बड़े हिस्से में जाम की समस्या कम हो सकती है।
500 वाहनों का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की तैयारी
बैठक में बताया गया कि ऐसे करीब 500 वाहन चिन्हित किए गए हैं, जिनके खिलाफ बार-बार यातायात नियम उल्लंघन के चलते चालान काटे गए। जिलाधिकारी ने ऐसे वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि लगातार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब केवल जुर्माना नहीं बल्कि कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर चलेगा अभियान
जिलाधिकारी ने सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को जाम की बड़ी वजह बताते हुए इसे हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
इसके अलावा हाईवे और प्रमुख चौराहों पर एम्बुलेंस एवं इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया, ताकि दुर्घटना के बाद राहत कार्य में देरी न हो।
केवल चालान नहीं, जागरूकता अभियान पर भी जोर
बैठक में यह भी तय किया गया कि लोगों को केवल चालान काटकर नहीं बल्कि जागरूकता अभियान के जरिए ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
डीएसओ और डीसीपी को सड़क सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपते हुए लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
सर्विस रोड और ब्रेकर बनाने के निर्देश
PWD अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हाईवे से जुड़े रास्तों पर सर्विस रोड तैयार की जाए और जरूरत वाले स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और PWD मिलकर संयुक्त अभियान चलाएंगे।