दिल्ली ब्लास्ट के बाद वाराणसी में हाई अलर्ट, कचहरी में मॉक ड्रिल से सिक्योरिटी चेक
Varanasi : दिल्ली में हाल ही में हुए बम ब्लास्ट के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वाराणसी पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सक्रिय मोड में है। इसी क्रम में बुधवार को कचहरी परिसर में पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की संयुक्त टीम ने विस्तृत मॉक ड्रिल आयोजित की।
मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा बलों ने कचहरी परिसर के सभी महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थलों—जैसे पार्किंग एरिया, रिकॉर्ड रूम, कोर्ट रूम, गैलरी और आम जनता की आवाजाही वाले हिस्सों का गहन निरीक्षण किया। डॉग स्क्वॉड ने संदिग्ध बैग, वाहनों और अन्य वस्तुओं की बारीकी से जांच की।
एसीपी नितिन तनेजा ने बताया कि दिल्ली की घटना को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार कचहरी परिसर में मॉक ड्रिल की गई। इस अभ्यास का उद्देश्य यह आंकना है कि किसी आपात स्थिति में हमारी टीमें कितनी तत्परता और प्रभावशीलता के साथ प्रतिक्रिया दे सकती हैं।
एसीपी ने यह भी बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान कुछ सुरक्षा खामियों की पहचान की गई है, जिन पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।