{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य एकता यात्रा, एक भारत-श्रेष्ठ भारत का दिया सन्देश

 

वाराणसी। लौह पुरुष भारतरत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को विशाल एकता यात्रा निकाली गई। स्थानीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में सनातन धर्म इंटर कॉलेज से शुरू हुई यह पदयात्रा गोदौलिया, गिरजाघर, चौक, मैदागिन, दारानगर होते हुए डीएवी डिग्री कॉलेज में संपन्न हुई।

यात्रा में केंद्रीय पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय सहित भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, डीएवी कॉलेज प्रबंधक डॉ. अजीत सिंह समेत सैकड़ों गणमान्य नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और व्यापारी बंधु बड़ी संख्या में शामिल हुए। लोग हाथों में तिरंगा थामे “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” और “एकता का संदेश-पटेल का विश्वास” जैसे नारे लगा रहे थे।

रास्ते में जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। विश्वनाथ गली व्यवसायी संघ ने गोदौलिया में गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर स्वागत किया। इसके बाद चौक व्यापार मंडल, रेशम कटरा साड़ी व्यापार मंडल, सर्राफा व्यापार मंडल, सप्तसागर दवा व्यापार मंडल, मैदागिन एवं दारानगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने फूलमालाएं पहनाकर और पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। नीचीबाग, बुलानाला, चौक और मैदागिन के दुकानदारों ने यात्रियों को पानी, बिस्किट और फूल बरसाकर उत्साह बढ़ाया। डीएवी डिग्री कॉलेज पहुंचते ही कॉलेज प्रबंधन समिति ने भव्य पुष्पवर्षा की।

यात्रा के समापन पर डीएवी डिग्री कॉलेज प्रांगण में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि सरदार पटेल ने गृह मंत्री रहते देश की 562 रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया था। उन्होंने कहा कि ऐसी एकता यात्राएं समाज को जोड़ने और युवाओं में राष्ट्रभक्ति जगाने का काम करती हैं।

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि आजादी के समय कई शक्तियों ने भारत को टुकड़ों में बांटने की साजिश रची थी, लेकिन सरदार पटेल ने अपनी कूटनीति और दृढ़ इच्छाशक्ति से उसे नाकाम कर दिया। वे ही अखंड भारत के सच्चे शिल्पी थे। “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की उनकी परिकल्पना को आज मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश में योगी सरकार साकार कर रही है।

सभा में प्रमुख रूप से महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, डॉ. अजीत सिंह, अशोक जाटव, आत्मा विशेश्वर, नीरज जायसवाल, दिलीप साहनी, साधना वेदांती, अशोक यादव, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह, तारकेश्वर गुप्ता, बबलू सेठ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन महानगर उपाध्यक्ष डॉ. आलोक श्रीवास्तव ने किया।