वाराणसी पंचायत चुनाव: अंतिम मतदाता सूची जारी, 41 हजार नए वोटर जुड़े; 694 ग्राम पंचायतों में होगा चुनाव
वाराणसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची बुधवार को प्रकाशित कर दी गई। इस बार सूची में कुल 41,397 नए मतदाता जुड़े हैं, जिसके बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 17,93,504 हो गई है। इन मतदाताओं के आधार पर वाराणसी जिले की 694 ग्राम पंचायतों में आगामी चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। अब यह सूची विकास भवन स्थित पंचायत कार्यालय के साथ-साथ सभी ब्लॉकों पर आम जनता के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया था। इसके बाद दावे-आपत्तियों के निस्तारण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने कई बार समय सीमा बढ़ाई। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू होने से पहले जिले में 17,52,107 मतदाता दर्ज थे।
पुनरीक्षण अभियान के दौरान 2,40,531 नए नाम जोड़े गए, जबकि 2,41,264 नाम सूची से हटाए गए। इसके बाद अनंतिम सूची में 17,51,374 मतदाता बचे थे। बाद में दावे-आपत्तियों की जांच के बाद 99,817 नए मतदाता जोड़े गए और 57,687 नाम हटाए गए।
वर्ष 2025 के पुनरीक्षण के बाद कुल मिलाकर 3,40,348 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 2,98,951 नाम सूची से हटाए गए। अंतिम सूची जारी होने के बाद अब मतदाता अपना नाम संबंधित कार्यालयों में देख सकते हैं।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव की तिथि अभी तय नहीं हुई है। अधिकारी भी इस पर स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है और फिलहाल वे प्रशासक की भूमिका में कार्यरत हैं। माना जा रहा है कि आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग कभी भी चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है। चर्चा यह भी है कि पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव के बाद कराए जा सकते हैं।