वाराणसी में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से फर्नीचर कारीगर की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर लगा जाम
वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 35 वर्षीय फर्नीचर कारीगर की मौत के बाद मंगलवार सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने शव को वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर रखकर मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ और आवागमन बहाल कराया गया।
घर के बाहर खड़े थे, तभी हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, पिंडरा बाजार निवासी स्वर्गीय मदन लाल विश्वकर्मा के पुत्र जयप्रकाश विश्वकर्मा उर्फ छोटू (35) फर्नीचर बनाने का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार रात करीब 1:30 बजे वह घर के बाहर सड़क किनारे लघुशंका के लिए निकले थे।
इसी दौरान फूलपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर घर के पास खड़ी मैजिक मालवाहक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक वाहन जयप्रकाश से जा भिड़ा। वह कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई जिंदगी की डोर
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
शव रखकर लगाया जाम, एक घंटे तक थमा यातायात
मंगलवार सुबह करीब छह बजे परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक का शव वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मुआवजा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर लगाए गए जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा और फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर शासन की ओर से हरसंभव सहायता और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
परिवार को आर्थिक सहायता और रोजगार का भरोसा
एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिवार को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। इसके अलावा मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन, दोनों बेटियों को इंस्पायर योजना से जोड़ने तथा परिवार के एक सदस्य को अमूल कंपनी में रोजगार उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया है।
पिकअप जब्त, चालक की तलाश जारी
फूलपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप अमूल दुग्ध प्लांट से दूध लेकर वाराणसी जा रही थी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जयप्रकाश विश्वकर्मा दो भाइयों में छोटे थे और फर्नीचर कारीगरी कर पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे। उनके असमय निधन से पत्नी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।