{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड साइलेंसर वालों की खैर नहीं, पुलिस ने वसूला 9 लाख जुर्माना

वाराणसी में पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। 50 बाइकों पर कार्रवाई, 21 वाहन सीज और 9.38 लाख रुपये से अधिक जुर्माना लगाया गया। साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर भी छापा मारकर कई साइलेंसर जब्त किए गए।

 

वाराणसी: तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना नंबर प्लेट दौड़ रही बाइकों के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ा अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर 19 फरवरी को चलाए गए चेकिंग अभियान में न सिर्फ बड़ी संख्या में वाहन पकड़े गए, बल्कि साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर भी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान चेतगंज थाना पुलिस ने छह दुकानों की जांच कर 10 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए। साथ ही एक वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 में सीज करते हुए संबंधित विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसी तरह कैंट थाना क्षेत्र में भी एक दुकान पर छापा मारकर 9 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए और एक वाहन सीज कर कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस की कार्रवाई में मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 50 बाइकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 44 चालान किए गए, जबकि 6 वाहनों को सीज किया गया। इन मामलों में कुल 1,03,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा बिना नंबर या दूषित नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। कुल 279 ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 264 चालान और 15 वाहन सीज किए गए। इनसे 8,34,700 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है। कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।