{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मुहर्रम से पहले वाराणसी पुलिस अलर्ट! ड्रोन, CCTV और पैदल गश्त से होगी निगरानी, सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने लोहता क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया और ड्रोन निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।
 

वाराणसी: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से में संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने शनिवार को थाना लोहता क्षेत्र के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर निगरानी रखने और जुलूस मार्गों पर खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

लोहता के संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण

अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन लिपि नागयाच, सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया अवधेश कुमार विश्वकर्मा और थाना लोहता पुलिस के साथ महमूदपुर, मीना बाजार, लोहता चौराहा, कुशवाहा नगर और हरपालपुर शिव मंदिर तक के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ताजिया जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थल, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज, पुलिस पिकेट और अन्य सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।

धर्मगुरुओं और ताजिया कमेटियों से की अपील

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

शिवहरी मीणा ने कहा कि मुहर्रम पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महत्वपूर्ण स्थलों और ताजिया जुलूस मार्गों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लगातार की जाएगी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।

बिना अनुमति नहीं बदलेगा जुलूस का मार्ग

पुलिस ने निर्देश जारी किए हैं कि सभी ताजिया और धार्मिक जुलूस केवल पूर्व निर्धारित मार्गों और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। बिना सक्षम अनुमति किसी नए मार्ग या नई परंपरा की शुरुआत की अनुमति नहीं होगी। साथ ही जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, धारदार हथियार या खतरनाक वस्तुओं के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा

पुलिस प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुहर्रम समितियों, ताजियादारों और धर्मगुरुओं के साथ समन्वय बैठकें करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग, अलग प्रवेश और निकास मार्ग तथा अन्य सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से सांप्रदायिक तनाव फैलाने, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने या अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अपुष्ट संदेशों को साझा करने से बचें।

प्रशासनिक विभाग भी रहेंगे अलर्ट

मुहर्रम के दौरान स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जुलूस मार्गों पर सड़क, बिजली के तार, प्रकाश व्यवस्था और अन्य अवरोधों को समय रहते दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।

पुलिस की अपील

कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि मुहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या स्थानीय पुलिस से तत्काल संपर्क करने की सलाह दी गई है।