{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी पुलिस अलर्ट : ACP दशाश्वमेध ने परखी व्यवस्थाएं, केंद्रों का किया निरीक्षण

 

वाराणसी। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए एसीपी दशाश्वमेध डॅा अतुल अंजान त्रिपाठी (Atul Anjan Tripathi) ने मंगलवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
 

सुरक्षा व्यवस्थाएं परखी

निरीक्षण के दौरान एसीपी ने सनातन धर्म इंटर कॉलेज और विपिन बिहारी इंटर कॉलेज में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं और परीक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी- एसीपी
 

एसीपी ने केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। एसीपी ने केंद्र प्रबंधन को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।

 

1.32 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

पुलिस भर्ती परीक्षा में इस बार कुल 1 लाख 32 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के लिए जिले में 50 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा का आयोजन 8 जून से 10 जून 2026 तक किया जाएगा।

दो पालियों में होगी परीक्षा

परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। तीन दिनों में कुल छह शिफ्टों में परीक्षा संपन्न होगी। पहली पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में करीब 22,032 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।