वाराणसी में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने दिलाई संविधान की शपथ
वाराणसी। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में बुधवार को संविधान दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कमिश्नरेट के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर सामूहिक रूप से शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर श्री अग्रवाल ने कहा कि हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा के अंतिम सत्र में भारतीय संविधान को अंगीकृत (Adopted) किया गया था। बाद में इसे 26 जनवरी 1950 को पूरे देश में लागू किया गया और भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और कर्तव्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का परम दायित्व है। आज हम सभी ने यह संकल्प लिया है कि संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करेंगे तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
पुलिस कमिश्नर ने सभी नागरिकों से अपील की कि संविधान में उल्लिखित मौलिक कर्तव्यों का अक्षरशः पालन करें और अपने दायित्वों का निर्वहन 100 प्रतिशत निष्ठा व ईमानदारी से करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है और इसे अपने आचरण में उतारना तथा इसका सम्मान करना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है।