Varanasi: कचहरी परिसर में अब नहीं चलेगी मनमानी पार्किंग, कमिश्नर मोहित अग्रवाल का सख्त अल्टीमेटम
वाराणसी: वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहीत अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को कचहरी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील मानी जाने वाली सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर कड़ी नाराजगी जताई।
पुलिस आयुक्त ने मौके पर मौजूद यातायात पुलिस और पार्किंग ठेकेदारों को निर्देश दिए कि कचहरी परिसर से जुड़ी सभी सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और वाहन केवल निर्धारित ग्रीन लाइन के भीतर ही पार्क किए जाएँ। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में वकील, मुकदमेबाज और आम नागरिक आते हैं, इसलिए यातायात सुगम बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।
पत्रकारों से बातचीत में मोहित अग्रवाल ने कहा, "कचहरी क्षेत्र की सड़कें अत्यधिक संवेदनशील हैं और यहां आवाजाही बाधित होने से कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। यह एक नियमित प्रक्रिया है, लेकिन इसे और प्रभावी बनाया जा रहा है। बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर चालान भी किए जाएंगे।"
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सर्किट हाउस परिसर से सटी मल्टीलेवल पार्किंग की क्षमता बढ़ाई जा रही है, जिससे लगभग 1500 अतिरिक्त वाहनों की पार्किंग संभव हो सकेगी। इससे क्षेत्र में पार्किंग संकट से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त, यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संबंधित कर्मचारी भी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में कचहरी परिसर और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।