तीन दशक की पुलिस सेवा को मिला सम्मान, वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को IIM मुंबई ने Distinguished Alumni Award से नवाजा
वाराणसी। वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) मुंबई ने उन्हें प्रतिष्ठित Distinguished Alumni Award से सम्मानित किया है। जनसेवा, उत्कृष्ट पुलिस नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और राष्ट्र निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में संस्थान की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।
खास बात यह है कि मोहित अग्रवाल इसी संस्थान के पूर्व छात्र हैं। IIM मुंबई को पहले नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग (NITIE) के नाम से जाना जाता था। करीब तीन दशक की पुलिस सेवा में उन्होंने अपनी कार्यशैली, साहसिक फैसलों और कुशल नेतृत्व से अलग पहचान बनाई है। वर्तमान में वह वाराणसी के पुलिस आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
15 जिलों में संभाल चुके हैं पुलिस प्रमुख की जिम्मेदारी
मोहित अग्रवाल 1997 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान वह प्रदेश के 15 जनपदों में पुलिस प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन को मजबूत बनाने में उनका अनुभव अहम रहा है। वर्ष 2005-06 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN) में भी सेवाएं दीं, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था का अनुभव मिला।
ATS प्रमुख रहते हुए आतंकी मॉड्यूल का किया पर्दाफाश
वर्ष 2023-24 में उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के प्रमुख रहते हुए मोहित अग्रवाल ने आतंकवाद के खिलाफ कई महत्वपूर्ण कार्रवाइयों का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में यूपी एटीएस ने ISIS से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई को प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण सफलता माना गया।
23 बच्चों को बचाने वाले ऑपरेशन मासूम से मिली खास पहचान
मोहित अग्रवाल के पुलिस करियर का सबसे उल्लेखनीय अभियान फर्रुखाबाद का ऑपरेशन मासूम रहा। कानपुर परिक्षेत्र के आईजी रहते हुए उन्होंने इस अभियान का नेतृत्व किया था। उस दौरान एक अपराधी ने 23 बच्चों को बंधक बना लिया था और बच्चों की रिहाई के बदले भारी फिरौती की मांग की थी।
काफी चुनौतीपूर्ण हालात में पुलिस ने रणनीति बनाकर अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अपराधी मारा गया और सभी 23 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस साहसिक अभियान के लिए मोहित अग्रवाल को राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया था।
कुंभ मेले से लेकर बिकरू कांड तक निभाई अहम भूमिका
मोहित अग्रवाल ने प्रयागराज में आयोजित 2013 और 2019 के कुंभ मेले के सफल आयोजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2013 में एसएसपी और 2019 में आईजी के रूप में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली।
इसके अलावा कानपुर के चर्चित बिकरू कांड से जुड़े अपराधियों के खिलाफ पुलिस अभियानों में भी उनकी अहम भूमिका रही। उनके नेतृत्व और पेशेवर दक्षता को इन अभियानों में महत्वपूर्ण माना गया।
पुलिस के आधुनिकीकरण पर भी दिया जोर
मोहित अग्रवाल ने पुलिस व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल और आधुनिकीकरण को भी प्राथमिकता दी। उत्तर प्रदेश पुलिस के कंप्यूटरीकरण और आधुनिक कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में उनके प्रयासों से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता और पारदर्शिता को मजबूती मिली।
कई राष्ट्रीय सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मोहित अग्रवाल को अब तक कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। इनमें राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक, राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पुलिस पदक, राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पुलिस पदक और केंद्रीय गृह मंत्री का अति उत्कृष्ट सेवा पदक शामिल हैं।
IIM मुंबई की ओर से मिला Distinguished Alumni Award उनकी करीब तीन दशक की सेवा, नेतृत्व क्षमता और जनहित के कार्यों का एक और बड़ा सम्मान है। यह उपलब्धि न केवल मोहित अग्रवाल के लिए, बल्कि उनके शिक्षण संस्थान और वाराणसी पुलिस के लिए भी गौरव का विषय है।