अपराध समीक्षा के बाद वाराणसी पुलिस कमिश्नर का एक्शन, 3 इंस्पेक्टर लाइन हाजिर; इन्हें मिली नई जिम्मेदारी
वाराणसी में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल की अपराध समीक्षा बैठक के बाद बड़ा फेरबदल हुआ। चौक, राजातालाब और फूलपुर के इंस्पेक्टर लाइन हाजिर किए गए। SOG-2 का गठन कर पंकज सिंह चौहान को कमान दी गई। कई थानों में नए प्रभारी तैनात किए गए, जबकि साइबर क्राइम और कैंट एसीपी की भी जिम्मेदारी बदली गई।
वाराणसी: पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की शनिवार को हुई अपराध समीक्षा बैठक के बाद देर रात वाराणसी कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल किया गया। अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के बाद चौक, राजातालाब और फूलपुर के इंस्पेक्टरों को लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए SOG-2 का गठन करते हुए उप निरीक्षक पंकज सिंह चौहान को इसकी कमान सौंपी गई।
अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात और जनसुनवाई की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर ही थानेदारों की जिम्मेदारी तय होगी।
तीन इंस्पेक्टर लाइन हाजिर
तबादला सूची में चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा, राजातालाब इंस्पेक्टर दयाराम और फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह को लाइन हाजिर किया गया। राजीव कुमार सिंह तबादले के कारण कार्यमुक्त हो चुके हैं।
राजातालाब इंस्पेक्टर को लेकर श्रेया हत्याकांड में लापरवाही और चौक इंस्पेक्टर को क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश न लगा पाने की चर्चा रही। हालांकि, पुलिस की ओर से इन बदलावों के पीछे अलग-अलग प्रशासनिक कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है।
चौक, फूलपुर समेत कई थानों में नई तैनाती
विजय कुमार शुक्ला को चौक थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं थाना लोहता के थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय को मंडुवाडीह भेजा गया है। मंडुवाडीह के थाना प्रभारी अजय राज वर्मा को फूलपुर की कमान सौंपी गई है।
रमना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पवन पांडेय को चेतगंज थाना भेजा गया है। पुलिस आयुक्त के मीडिया सेल प्रभारी उप निरीक्षक अभिजीत सिंह को लोहता थाने की जिम्मेदारी मिली है। उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार को राजातालाब थाने का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा अपूर्व पांडेय को एसीपी साइबर क्राइम बनाया गया है, जबकि अवकाश से लौटीं एसीपी प्रज्ञा पाठक को कैंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों पर SOG-2 की नजर
पुलिस आयुक्त ने जुआ, सट्टा, देह व्यापार, अवैध हुक्का बार और मादक पदार्थों की बिक्री जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए SOG-2 का गठन किया है। इसकी कमान उप निरीक्षक पंकज सिंह चौहान को दी गई है।
CUG फोन नहीं उठाया तो करना होगा कॉल बैक
बैठक में थाना प्रभारियों को नियमित जनसुनवाई करने और आम लोगों के साथ शालीन व सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। थानों के CUG मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से रिसीव करने को कहा गया है। किसी कारण से कॉल नहीं उठ पाती है तो संबंधित अधिकारी को कॉल बैक करना होगा।
पुलिस आयुक्त ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, महिला अपराधों में तत्काल कार्रवाई, लूट और चेन स्नेचिंग की घटनाओं का प्रभावी अनावरण तथा अपराधियों की निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाराणसी का कोई अपराधी दूसरे थाना क्षेत्र में अपराध करता है तो भी उसके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय होगी।
वित्तीय साइबर फ्रॉड के मामलों में पीड़ितों की धनराशि वापस कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों का निरीक्षण कर वहां लगे CCTV कैमरों की स्थिति जांचने और उन्हें क्रियाशील कराने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक FIR और गुमशुदगी के मामलों की एसीपी स्तर से समीक्षा करने को भी कहा गया।