{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में यूपी-112 की कार्यप्रणाली पर पुलिस आयुक्त सख्त, बोले- 9 मिनट के भीतर पहुंचे पुलिस, वरना होगी कार्रवाई

 

Varanasi : पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में यूपी-112 के पुलिस कर्मियों के साथ गोष्ठी कर उनकी कार्यप्रणाली, सेवा गुणवत्ता, रिस्पॉन्स टाइम एवं जनसंतुष्टि स्तर की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित भी किया।

यूपी-112 बना देश का मॉडल सिस्टम: पुलिस आयुक्त

पुलिस आयुक्त ने कहा कि यूपी-112 आज देश के लिए एक आदर्श मॉडल व्यवस्था बन चुका है। उन्होंने बताया कि उनके कुशल नेतृत्व एवं सतत मॉनिटरिंग के चलते कमिश्नरेट वाराणसी की यूपी-112 टीम प्रदेश में लगातार शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।

वर्तमान में यूपी-112 का औसत रिस्पॉन्स टाइम 5 मिनट 20 सेकेंड तथा जनसंतुष्टि स्तर 94 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जिसकी उन्होंने सराहना की।

पीआरवी कर्मियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

पुलिस आयुक्त ने कहा कि पीआरवी कर्मी फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में घटनास्थल पर त्वरित, प्रभावी और संवेदनशील पुलिस सहायता सुनिश्चित करें। उन्होंने कर्मियों को अपने व्यवहार, वर्दी, बॉडी लैंग्वेज और आचरण को उच्च स्तर का बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, ट्रैफिक जाम या अपराध की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित थाने को सूचित किया जाए।

समयबद्ध रिस्पॉन्स टाइम पर जोर

उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम 9 मिनट के भीतर सुनिश्चित किया जाए। 10 मिनट से अधिक विलंब होने पर संबंधित कर्मियों की समीक्षा, काउंसलिंग और आवश्यकतानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उत्कृष्ट पीआरवी टीमों को मिलेगा सम्मान

पुलिस आयुक्त ने घोषणा की कि जनपद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन पीआरवी टीमों को हर माह 1000 रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने थाना कपसेठी की पीआरवी-4967 की विशेष रूप से सराहना की, जबकि कुछ अन्य पीआरवी टीमों के प्रदर्शन में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में रहे अधिकारी मौजूद

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन एवं यूपी-112 प्रभारी सुश्री नीतू सहित यूपी-112 के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।