{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सिपाही पर फायरिंग के बाद लोटूबीर मंदिर के पास मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार 

वाराणसी के सुंदरपुर में असलहा तस्करों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग हुई। कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। इसके बाद लोटूबीर मंदिर के पास मुठभेड़ में आरोपी राज विश्वकर्मा घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

वाराणसी: वाराणसी में शुक्रवार देर शाम असलहा तस्करों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित आशुतोष नगर में हुई इस घटना में कांस्टेबल अमित शुक्ला को पेट, पीठ और हाथ में तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना के कुछ देर बाद लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी राज विश्वकर्मा के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

असलहा तस्करों की सूचना पर दबिश देने पहुंची थी पुलिस टीम

जानकारी के मुताबिक, लंका थाने की क्राइम टीम को सुंदरपुर के आशुतोष नगर में तीन असलहा तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि नरिया तिराहे के पास पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

इस दौरान कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। पुलिसकर्मी पर फायरिंग की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस कमिश्नर समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे ट्रॉमा सेंटर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी में उपचार कर रही है।

लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

सिपाही पर फायरिंग की घटना के कुछ देर बाद लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी राज विश्वकर्मा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद राज विश्वकर्मा को भी इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस को आशंका है कि वह कांस्टेबल अमित शुक्ला पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल था।

अन्य आरोपियों और असलहा तस्करी नेटवर्क की जांच

मामले में लंका पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही फायरिंग की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि असलहा तस्करी का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।