सीएम डैशबोर्ड में वाराणसी पुलिस तीसरे नंबर पर, IGRS में लगातार 5वीं बार प्रदेश में नंबर-1
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने मार्च 2026 की CM Dashboard रैंकिंग में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि IGRS शिकायत निस्तारण में लगातार पांचवीं बार पहला स्थान प्राप्त किया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की मॉनिटरिंग में वाराणसी पुलिस ने प्रदर्शन में बड़ा सुधार दर्ज किया है।
वाराणसी: कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देशन में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने मार्च 2026 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं IGRS पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में वाराणसी पुलिस को लगातार पांचवें महीने प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
51 पैरामीटर पर होती है रैंकिंग
CM Dashboard की रैंकिंग 51 अलग-अलग मानकों के आधार पर तय की जाती है। इसमें अपराध नियंत्रण, विवेचना निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, डायल 112 का रिस्पांस टाइम, NDPS कार्रवाई, महिला अपराध, SC/ST एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और न्यायालय से सजा जैसे प्रमुख बिंदु शामिल होते हैं।
70वें स्थान से टॉप-3 तक पहुंची वाराणसी पुलिस
वर्ष 2023 और 2024 में वाराणसी पुलिस की स्थिति CM Dashboard रैंकिंग में प्रदेश के अंतिम 10 जिलों के आसपास रहती थी और अक्सर 70वें स्थान के करीब थी। अब लगातार सुधारात्मक प्रयासों और सख्त मॉनिटरिंग के चलते वाराणसी पुलिस पिछले 8 महीनों से टॉप-10 में बनी हुई है।
महिला अपराध और डायल-112 प्रदर्शन रहा मजबूत
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार महिला अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और डायल-112 PRV की तेज प्रतिक्रिया समय ने प्रदर्शन सुधारने में अहम भूमिका निभाई है। आपातकालीन स्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को रैंकिंग में विशेष महत्व मिला।
मोहित अग्रवाल की मॉनिटरिंग का दिखा असर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साप्ताहिक समीक्षा, लगातार मॉनिटरिंग और जवाबदेही तय किए जाने से वाराणसी पुलिस के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार आया है।