{"vars":{"id": "130921:5012"}}

साहस, तकनीक और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान: गणतंत्र दिवस पर वाराणसी के जाबाज पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत

गणतंत्र दिवस पर वाराणसी पुलिस का पराक्रम सम्मानित: चोरी, हत्या, साइबर ठगी और मानव रक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 अफसर-कर्मचारी पुरस्कृत

 

वाराणसी: गणतंत्र दिवस के अवसर पर वाराणसी पुलिस के उन जांबाज़ अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बीते वर्ष अपराध नियंत्रण, तकनीकी विवेचना, साहसिक कार्रवाई और मानव जीवन रक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए 13 पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और अभियोजन अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

थाना चौक क्षेत्र में करीब तीन करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी के सफल अनावरण में 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और शत-प्रतिशत बरामदगी करने वाले आरक्षी मानवेन्द्र सिंह को सम्मानित किया जाएगा। वहीं साइबर अपराध के विरुद्ध तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 29 अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर आमजन को अरबों की ठगी से बचाने वाले आरक्षी शनी यादव को भी पुरस्कार मिलेगा।

थाना बड़ागांव और मिर्जामुराद क्षेत्रों में हुई सनसनीखेज घटनाओं के सफल खुलासे, साहसिक मुठभेड़ों और तकनीकी विश्लेषण के जरिए अपराधियों की गिरफ्तारी करने वाले निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक पवन राय, अविनाश कुमार सिंह, पंकज सिंह चौहान, गणेश प्रसाद पटेल और रामचन्द्र यादव को उनके अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह द्वारा महिला हत्या प्रकरण का वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सफल अनावरण कर निर्दोष को जेल जाने से बचाने का कार्य भी सराहनीय माना गया। वहीं जल पुलिस में तैनात आरक्षी कुमार गौरव को गंगा नदी में डूबती महिला श्रद्धालु सहित पांच लोगों की जान बचाने के लिए अद्वितीय साहस के लिए सम्मान मिलेगा।

इसके अतिरिक्त एसओजी-02 प्रभारी को आधुनिक तकनीक से संगठित अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए तथा कैंट, रामनगर और लंका थाना प्रभारियों को गौ-तस्करी पर सख्त प्रहार के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।

न्यायिक मोर्चे पर प्रभावी पैरवी कर आजीवन कारावास और मृत्युदंड जैसी सजाएं दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले डीजीसी क्रिमिनल मुनीब सिंह चौहान, विशेष लोक अभियोजक संदीप कुमार जायसवाल और एसपीपी (पॉक्सो) संतोष कुमार सिंह को भी सम्मानित किया जाएगा।