{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जब वकील और पुलिस उतरे मैदान में… कमिश्नर मोहित अग्रवाल बने कप्तान, किसने मारी बाजी?

वाराणसी पुलिस लाइन मैदान में पुलिस और बार एसोसिएशन के बीच खेले गए मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में पुलिस टीम ने जीत दर्ज की। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कप्तानी करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और इसका उद्देश्य आपसी तालमेल व भाईचारा मजबूत करना था।

 

वाराणसी: पुलिस लाइन मैदान में रविवार को एक रोमांचक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसमें बनारस सेंट्रल बार एसोसिएशन, बनारस बार एसोसिएशन और वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच आपसी समन्वय, संवाद और सौहार्द को मजबूत करना था।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल खुद मैदान में उतरे और टीम की कप्तानी करते हुए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विभिन्न संस्थाओं के बीच विश्वास और बेहतर तालमेल स्थापित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

रोमांच से भरपूर रहा मुकाबला

15-15 ओवर के इस मैच में शुरुआत से ही रोमांच देखने को मिला। शुरुआती झटकों के बावजूद पुलिस टीम ने शानदार वापसी की और अंत तक संघर्ष करते हुए जीत अपने नाम कर ली। मैच आखिरी ओवर तक खिंचा, जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा।

जल्द लगेगी फ्लड लाइट सुविधा

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुलिस लाइन मैदान में जल्द ही फ्लड लाइट्स लगाने की योजना है। अनुमान है कि करीब 15 दिनों के भीतर यह सुविधा शुरू हो जाएगी, जिससे रात में भी खेल गतिविधियों का आयोजन संभव हो सकेगा।

बार एसोसिएशन ने खेल भावना को सराहा

मैच के बाद बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन असली जीत खेल भावना की होती है। उन्होंने पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह मुकाबला एक सीरीज का हिस्सा है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।

अधिवक्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि जो सदस्य इस बार व्यस्तता के कारण हिस्सा नहीं ले सके, उन्हें अगले मैचों में मौका दिया जाएगा।