वाराणसी: पुलिसकर्मी की पत्नी की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के विवेक पुरम कॉलोनी में बुधवार सुबह एक पुलिसकर्मी की पत्नी की तीसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पहले निजी अस्पताल और फिर दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चंदौली पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात कमलेश कुमार राय, जो मूल रूप से बलिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी हैं, पिछले चार महीने से शिवपुर के विवेक पुरम कॉलोनी में किराए के मकान में पत्नी सुनीता चौधरी (37) और कक्षा पांच में पढ़ने वाले बेटे सक्षम के साथ रह रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8 बजे सुनीता चौधरी अचानक मकान की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गईं। आसपास के लोगों और अन्य किरायेदारों ने तत्काल उन्हें भरलाइ स्थित आक्टीविया अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति कमलेश कुमार राय ने बताया कि वह चंदौली पुलिस लाइन से नाइट ड्यूटी पूरी कर सुबह करीब 8 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी पत्नी संभवतः छत पर कपड़े सुखाने गई होंगी और इसी दौरान हादसे का शिकार हो गईं।
हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।