सावन से पहले वाराणसी पुलिस का मेगा एक्शन प्लान, CP मोहित अग्रवाल ने जारी किए सख्त निर्देश
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में कानून-व्यवस्था को और अधिक सख्त एवं प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। यातायात लाइन सभागार में आयोजित बैठक में साइबर अपराध, संगठित अपराध, विवेचना, ट्रैफिक प्रबंधन और आगामी श्रावण माह की सुरक्षा तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत चार पुलिस अधिकारियों के तबादले भी किए गए। निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा को जंसा से चौबेपुर का प्रभारी बनाया गया, जबकि उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह को पुलिस आयुक्त के पीआरओ से जंसा थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
साइबर अपराधियों पर चलेगा Cy-Vazra अभियान
पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पिछले छह महीनों के साइबर मामलों की समीक्षा कर प्रत्येक थाना कम से कम 10 मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। फ्रॉड मोबाइल नंबर, म्यूल अकाउंट और साइबर क्राइम हॉटस्पॉट की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाने तथा आम जनता को ऑनलाइन ठगी और फर्जी लिंक से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
60-90 दिन से पहले पूरी करनी होगी विवेचना
सीपी मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विवेचनाओं का निस्तारण निर्धारित 60 और 90 दिनों की समय सीमा से पहले किया जाए। ई-साक्ष्य (SID) और ई-समन प्रणाली का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
शोहदों, गैंगस्टरों और 10 साला अपराधियों पर कड़ी नजर
बैठक में चैन स्नैचिंग, लूट, चोरी, नकबजनी, गोकशी और धर्मांतरण जैसे मामलों से जुड़े 10 साला अपराधियों की सूची तैयार कर उन पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। गैंग बनाकर अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई, अपराध से अर्जित संपत्तियों की जब्ती और जमानत निरस्तीकरण की प्रभावी पैरवी पर भी जोर दिया गया।
स्कूल-कॉलेज खुलने के मद्देनजर प्रत्येक थाने में एंटी रोमियो टीम सक्रिय करने, शोहदों के खिलाफ अभियान चलाने तथा शिक्षण संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश भी दिए गए।
ट्रैफिक जाम खत्म करने और सड़क हादसे रोकने पर फोकस
RTC (Reducing Traffic Congestion) योजना के तहत शहर के 10 प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाकर ट्रैफिक को सुचारू बनाने और यात्रा समय में 25 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य तय किया गया। वहीं Zero Fatality District अभियान के तहत रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अवैध कटों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
सावन की तैयारियों को लेकर हाई अलर्ट
श्रावण माह को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर सहित शहर के प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों और गंगा घाटों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी, ड्रोन कैमरों, बॉडी वॉर्न कैमरों, पुलिस सहायता केंद्र, यूपी-112, पिकेट, क्यूआरटी और एंटी रोमियो टीमों की तैनाती के साथ भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, बिजली-पानी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि आगामी सावन के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।