वाराणसी: UP कॉलेज में हॉकी एस्ट्रो टर्फ का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री, तैयारियां तेज
वाराणसी I वाराणसी के Varanasi स्थित उदय प्रताप कॉलेज परिसर में बने हॉकी एस्ट्रो टर्फ के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री Narendra Modi अपने आगामी वाराणसी दौरे के दौरान इस आधुनिक खेल सुविधा का उद्घाटन कर सकते हैं।
कार्यदायी संस्था, कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। हाल ही में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की थी। टर्फ के मुख्य द्वार का कार्य भी अगले एक-दो दिनों में पूरा होने की उम्मीद है।
वाराणसी का तीसरा अंतरराष्ट्रीय मानक एस्ट्रो टर्फ
यह एस्ट्रो टर्फ वाराणसी का तीसरा ऐसा मैदान है जो अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार किया गया है। इससे पहले शहर में Banaras Hindu University और लालपुर स्टेडियम में ऐसे टर्फ मौजूद हैं। उदय प्रताप कॉलेज में तैयार हो रहा यह नया एस्ट्रो टर्फ लगभग 8.73 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है।
इस टर्फ को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) की मान्यता भी मिल चुकी है, जिससे यहां भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
वाराणसी का वरुणा पार क्षेत्र लंबे समय से हॉकी की नर्सरी के रूप में जाना जाता है, जहां से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी और ओलंपियन निकले हैं। इनमें हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद और ललित उपाध्याय जैसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने देश और काशी का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
ओलंपियन ललित उपाध्याय की पहल पर ही इस एस्ट्रो टर्फ की मांग की गई थी। उनके प्रयासों के बाद यह परियोजना अब पूर्णता की ओर है।
पूर्वांचल को मिल सकती है बड़ी सौगात
प्रधानमंत्री मोदी के 28 अप्रैल के संभावित दौरे के दौरान वाराणसी और पूर्वांचल को 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है। इन्हीं में उदय प्रताप कॉलेज का यह हॉकी एस्ट्रो टर्फ भी प्रमुख रूप से शामिल हो सकता है।
इस नए खेल ढांचे के तैयार होने के बाद वाराणसी में हॉकी को नई दिशा और अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच मिलने की उम्मीद है।