{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बनारस रेलवे स्टेशन का कोड बदला: BSBS की जगह अब BNRS, 1 दिसंबर से लागू

 

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने वाराणसी मंडल के बनारस रेलवे स्टेशन के अल्फाबेटिकल स्टेशन कोड में बदलाव कर दिया है। अब तक इस्तेमाल किया जाने वाला स्टेशन कोड BSBS बदलकर BNRS कर दिया गया है। यह नया कोड 1 दिसंबर 2025 से लागू हो जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि 1 दिसंबर से टिकट बुक करते समय चाहे यात्री आरक्षण केंद्र हो, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम हो या फिर आईआरसीटीसी वेबसाइट पर पुराने कोड BSBS की जगह नया कोड BNRS दर्ज करें।

2021 में बदला था स्टेशन का नाम

करीब चार साल पहले, 15 जुलाई 2021 को मंडुआडीह रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘बनारस’ किया गया था। भारतीय संस्कृति की झलक दिखाने के लिए स्टेशन पर लगे बोर्डों पर हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू के साथ-साथ संस्कृत में ‘बनारसः’ भी लिखा गया है, जो काशी की प्राचीन विरासत का एहसास कराता है।

एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला विश्वस्तरीय स्टेशन

नव-निर्मित बनारस स्टेशन आज देश के सर्वश्रेष्ठ स्टेशनों में गिना जाता है। यह किसी एयरपोर्ट या आधुनिक कॉर्पोरेट इमारत की तरह बेहद आकर्षक दिखता है। स्टेशन की सुंदरता के साथ-साथ इसमें यात्री सुविधाओं की भरमार है:

  • विशाल प्रतीक्षालय

  • विभिन्न श्रेणियों के वेटिंग रूम

  • आधुनिक रिटायरिंग रूम, AC/Non-AC लाउंज

  • एस्केलेटर और लिफ्ट

  • फूड प्लाज़ा, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट

  • वीआईपी लाउंज

  • विस्तृत पार्किंग और स्वच्छ-ग्रीन सर्कुलेटिंग एरिया

  • सेल्फी प्वॉइंट और विशाल राष्ट्रीय ध्वज

  • धरोहर के रूप में नैरो-गेज इंजन

  • आधुनिक बुकिंग व आरक्षण कार्यालय

स्टेशन की पूरी वास्तुकला काशी की आस्था, संस्कृति और पौराणिक विरासत की झलक दिखाती है। फव्वारों, बैठने की जगहों और आकर्षक लाइटिंग से स्टेशन का पूरा परिवेश भव्य नजर आता है।