वाराणसी के रामनगर किले के पास कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग, प्लास्टिक पाइप भी जले
वाराणसी के रामनगर स्थित ऐतिहासिक किले के पास शुक्रवार रात कूड़े के ढेर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में बिजली विभाग के प्लास्टिक पाइप और अंडरग्राउंड केबल से जुड़ा सामान भी आ गया। पुलिस, पीएसी और दमकलकर्मी मौके पर आग बुझाने में जुटे रहे।
वाराणसी। रामनगर स्थित ऐतिहासिक किले के पास शुक्रवार रात कूड़े के ढेर में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पास में रखे प्लास्टिक पाइप भी इसकी चपेट में आ गए। ऊंची उठती लपटों और धुएं से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और पीएसी के जवान आग बुझाने में जुट गए। बाद में दमकल की गाड़ी भी पहुंची।
कूड़े से उठे धुएं के बाद तेज हुई आग
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब आठ बजे कूड़े के ढेर से धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआत में आग सामान्य नजर आ रही थी, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। पास में बिजली विभाग के प्लास्टिक पाइप रखे होने के कारण आग ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं।
पुलिस और PAC जवानों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही रामनगर किले के पास मौजूद पीएसी के जवानों और पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। एहतियात के तौर पर पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को दूर हटाया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया।
दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर भेलूपुर फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों के अनुसार, कूड़े के ढेर के पास बिजली विभाग के अंडरग्राउंड केबल बिछाने में इस्तेमाल होने वाला सामान रखा था। आग की चपेट में आने से यह सामान भी जलने लगा, जिससे आग तेजी से फैल गई। फिलहाल दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।